पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की समधन को किया सस्पेंड, जानिए क्या है पूरा मामला

207
खबर शेयर करें -

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की समधन अंबी बिष्ट को सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर काम में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता करने का आरोप है। इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई मायने निकाले जा रहे हैं।
पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की समधन अम्बी बिष्ट लखनऊ नगर निगम में जोनल अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिवेदी महानगर में टेक्स और सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। किसी बात पर नगर आयुक्त और श्रीमती बिष्ट में बहस हो गई। जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी बताते हुए उनसे तत्काल बैठक से बाहर जाने के आदेश दिए। इसका अम्बी बिष्ट ने कड़ा प्रतिवाद किया। जिस पर उन्होंने सस्पेंड करने के लिए सरकार को चिठ्ठी लिख दी। साथ ही प्रज्ञा सिंह को नया जोनल अधिकारी नियुक्त कर दिया। नगर आयुक्त ने बताया कि अम्बी बिष्ट के जोन में टैक्स वसूली सबसे कम है। कहने पर उनका जवाब भी सही नहीं होता है। कई बार काम के प्रति लापरवाही सामने आ चुकी है, जिसको लेकर उनको नोटिस दिए गए हैं। इसीलिए उनके खिलाफ यह कार्रवाई करने के लिए मजबूर हुए हैं।

अम्बी बिष्ट ने कहा है कि उनके काम में कोई लापरवाही नहीं है।उनके एक बड़े राजनीतिक परिवार से रिश्तेदारी है, उसके तहत यह सब किया जा रहा है। रही बात सस्पेंड करने की तो नगर आयुक्त को इसका अधिकार ही नहीं है। यह कार्रवाई सिर्फ शासन कर सकता है। उन्होंने कहा कि एक अधिकारी को भी यह शोभा नहीं देता कि वह एक महिला को सार्वजनिक मीटिंग में गेट आउट कहें। वह इस हरकत पर चुप नहीं बैठेंगी। ज्ञात रहे कि अम्बी बिष्ट की बेटी अपर्णा की शादी मुलायम सिंह यादव के बेटे से हुई है।