बंशीधर, यशपाल, अरविंद पांडेय बने उत्तराखंड के मंत्री, त्रिवेंद्र के खिलाफ मोर्चा ख़ोलने वालों को भी तोहफा

115
खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के कार्यभार संभालने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार भी शुक्रवार शाम को कर दिया गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाए गए कालाढूंगी से विधायक बंशीधर भगत को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर से विधायक यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, हरिद्वार जिले से स्वामी यतींद्रनंद व विधायक गणेश जोशी को भी मंत्री पद से नवाजा गया है। खास बात यह है पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ मोर्चा ख़ोलने वाले डीडीहाट से विधायक बिशन सिंह चुफाल को भी मंत्री बनाया गया है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

यह भी पढ़ें 👉  आग से झुलसी गर्भवती महिला ने तोड़ा दम, ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा

प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाने के बाद नए चेहरे के रूप में तीरथ सिंह रावत को सरकार का नया मुखिया बना दिया गया। उसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद शुरू हो गई। कयास लगाए जा रहे थे कि कौन बनेगा मंत्री। इसकी तस्वीर शुक्रवार को शाम होते होते साफ हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे बंशीधर भगत को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर नंबर दो की हैसियत में रखा गया है, इसके अलावा ऊधमसिंह नगर से विधायक यशपाल आर्य और गदरपुर से विधायक अरविंद पांडेय कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। हरिद्वार जिले से विधायक स्वामी यतींद्र आनंद तथा विधायक गणेश जोशी को सरकार का हिस्सा बनाया गया है। इसके अलावा त्रिवेंद्र सरकार में पर्यटन मंत्री रहे सतपाल महाराज को भी कैबिनेट में स्थान मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से खफा चल रहे और दिल्ली तक मोर्चा ख़ोलने वाले डीडीहाट से विधायक विशन सिंह चुफाल भी मंत्री बन गए हैं। यही नहीं हरक सिंह रावत को फिर कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला है। त्रिवेंद्र सरकार में कृषि मंत्री रहे सुबोध उनियाल का मंत्रिमंडल का हिस्सा बरकरार रखा गया है। भाजपा में मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल रहे धन सिंह रावत और अल्मोड़ा जिले से विधायक रेखा आर्या भी राज्यमंत्री बनाई गई हैं।