रामनगर में BJP कर रही ‘चिंतन’, शिविर के दूसरे दिन पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित कई बड़े दिग्गज, यहीं तय होगी CM तीरथ की चुनावी सीट

193
खबर शेयर करें -

रामनगर। भाजपा के चिंतन शिविर के दूसरे दिन का कार्यक्रम जारी है। सोमवार को बैठक स्थल पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र सिंह रावत, मंत्री धन सिंह सहित तमाम नेता बैठक में पहुंचे हैं। बारिश के कारण दूसरे दिन का कार्यक्रम थोड़ी देरी से शुरू हुआ।

रामनगर भाजपा चिंतन शिविर के दूसरे दिन का प्रथम सत्र सुबह 9:15 बजे शुरू हुआ जो 10.45 तक चला। दूसरा सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होकर सवा 12 बजे तक चला, जिसमें विभिन्न राजनीतिक गतिविधियों, ताकत व कमजोरी पर बात हुई। तीसरा सत्र दोपहर 3 बजे से सवा 4 बजे तक चलेगा। इस सत्र में 2022 के रोडमैप पर चर्चा होगी। चौथा सत्र सवा पांच बजे शुरू होकर साढ़े 6 तक चलेगा। जिसमे रोडमैप पर सदस्यगणों के सुझाव व चर्चा होगी। पांचवा सत्र शाम 7 बजे से शुरू जोकर सवा आठ बजे तक चलेगा। जिसमे सरकार की जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा होगी।

चिंतन शिविर रविवार देर शाम शुरू हुआ था। पहले दिन प्रदेश की सत्ता पर दोबारा काबिज होने पर फोकस रखा गया। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने सीधा संदेश दिया कि सभी को एकजुटता से कार्य करना है। धरातल पर संगठन को मजबूत करने के साथ ही सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने विभिन्न सत्रों में रखे जाने वाले बिंदुओं की जानकारी रखी।

भाजपा के चिंतन शिविर का मकसद आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सधी हुई रणनीति तैयार कर उस पर अनुशासित तरीके से चलना है। चुनावी साल में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने के बाद परिस्थितियां बदल गई हैं। हालिया मंत्रियों और नेताओं के बीच जुबानी जंग के साथ ही कई जगहों पर गुटबाजी भी बढ़ी है। विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर सरकार पर विपक्षी पार्टियों के हमले भी तेज हो गए हैं। कुंभ में हुई फर्जी टेस्टिंग मामले में विपक्ष मुखर है, वहीं खराब स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कोर्ट भी तल्ख है। ऐसे हालातों से जूझते हुए अनुशासन, एकजुटता के साथ संगठन को धारदार बनाने की कोशिश हो रही है ताकि विपक्षी पार्टियों के आरोप प्रत्यारोपों का आक्रामक ढंग से जवाब दिया जा सके। इन कोशिशों को अमली जामा पहनाने के लिए चिंतन शिविर में मंथन होगा।

खबरों से रहें हर पल अपडेट :

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें।