दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला संग दिल्ली होटल में भी ठहरे थे भाजपा विधायक महेश नेगी। जांच में पुष्टि

196
खबर शेयर करें -

न्यूज जंक्शन 24, देहरादून।

अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक महेश नेगी की मुश्किलें कम होती नहीं दिखाई दे रही हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटकती जा रही है। दुष्कर्म पीड़िता के आरोप पर दिल्ली गई पुलिस की जांच टीम ने होटल में ठहरने की जांच की। जांच में होटल में ठहरने की बात सच साबित हुई। जांच में होटल के रजिस्टर में संबंधित तिथि को कमरा बुक निकला और उसमें विधायक की आईडी लगी है। पीड़िता का आरोप है कि उक्त कमरे में ही वह विधायक के साथ ठहरी थी।
भाजपा विधायक महेश नेगी पर अल्मोड़ा की ही एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसकी एक बेटी है जिसके पिता भाजपा विधायक महेश नेगी हैं। महिला के आरोप के खिलाफ विधायक की पत्नी ने उक्त महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था। खुद विधायक ने भी महिला पर विरोधियों के दवाब में झूठ बोलने और उनकी राजनीतिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का आरोप लगाया। लेकिन पीड़ित महिला का कहना है कि वह अपने बच्चे का डीएनए टेस्ट कराने को तैयार है। अगर यह झूठ है तो इसका भी पता चल जाएगा। पीड़िता का कहना है कि विधायक उनको लेकर मसूरी, दिल्ली और देहरादून समेत कई स्थानों पर गए वहां होटल लेकर उनके साथ ठहरे तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके जो बेटी है, उसके पिता भाजपा विधायक महेश नेगी ही हैं। पीड़िता के आरोप पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस टीम ने पिछले दिनों मसूरी के उस होटल की जांच की थी, जिसमें पीड़िता ने विधायक के साथ ठहरने की बात कही थी। जांच में मामला सही पाया गया और होटल के रजिस्टर में बताई गई तिथि पर विधायक नेगी की आईडी से कमरा बुक निकला। उसके बाद टीम दिल्ली पहुंची और वहां होटल सम्राट में पहुंचकर जांच की। पुलिस सूत्रों का कहना है यहां भी पीड़िता द्वारा बताई गई तिथि पर कमरा बुक निकला है, जिसमें विधायक नेगी की आईडी लगी हुई है। सीसीटीवी के मुताबिक विधायक के साथ पीड़िता दिख रही है। पीड़िता के आरोपों की सच्चाई विधायक की मुसीबत बढ़ाती जा रही है।

…और तीसरा कौन ठहरा था विधायक के साथ
दिल्ली के सम्राट होटल में तीन लोगों के ठहरने की पुष्टि हुई है। जिसमें एक भाजपा विधायक महेश नेगी हैं, दूसरी महिला है। तीसरे व्यक्ति के भी सबूत मिले हैं। अब यह कौन है, पुलिस इस तीसरे की भी खोज में जुट गई है।