सांसद रीता बहुगुणा की पोती की पटाखे से झुलस कर मौत, इकलौती बेटी थी उनकी। जानिए कैसे हुई घटना

824
खबर शेयर करें -

न्यूज जंक्शन 24, दिल्ली।

प्रयागराज से बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी की पोती की पटाखे से झुलस कर मौत हो गई है। रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी की 6 साल की इकलौती बेटी किया जोशी दिवाली की रात पटाखे से झुलस गई थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रयागराज में किया की हालत बिगड़ने लगी थी तो उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाया गया था। यहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली और आज सुबह करीब तीन बजे मासूम ने दम तोड़ दिया।
बता दें कि रीता बहुगुणा जोशी प्रयागराज संसदीय सीट से बीजेपी की सांसद हैं। वह उत्तराखंड की पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की बहन और यूपी के पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा (दिवंगत) की बेटी हैं। दिवाली की रात को उनका परिवार प्रयागराज में था। जानकारी के अनुसार दीपावली की रात बच्ची दूसरे बच्चों के साथ छत पर खेलने के लिए गयी थी। आशंका है कि उसी समय किसी के द्वारा छोड़े पटाखे से उसके कपड़ों में आग लग गई। 6 साल की मासूम किया ने दिवाली की रात फैंसी ड्रेस पहन रखी था। बताया जा रहा है कि कपड़ों में आग लगती देख किया ने शोर भी मचाया, लेकिन घरवालों ने इसे दिवाली की रात बच्चों का शोर समझकर नजरअंदाज कर दिया। काफी देर बाद कोई छत पर गया तो वहां किया झुलसी मिली। फिर उसे प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात न सुधरती देख उसे दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया था।