ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के पति प्रिंस फिलिप ने 99 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, शोक में डूबा ब्रिटेन

138
खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। ब्रिटेन से एक बड़ी खबर आई है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति और एडिनबर्ग के ड्यूक प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया है। प्रिंस फिलिप ने 1947 में राजकुमारी एलिजाबेथ से शादी की थी। इसके पांच साल बाद वह महारानी बनी थीं। वह ब्रिटिश इतिहास में सबसे ज्यादा लंबे समय तक शासन करने वाली महारानी हैं। प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ का करीब 73 साल का साथ रहा। प्रिंस के निधन के साथ ही ब्रिटेन में शोक छा गया है।

प्रिंस फिलिप का हाल ही में दिल का ऑपरेशन हुआ था.। वह लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहे थे और हाल ही में ठीक होकर घर लौटे थे। प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ के चार बच्चे, आठ पोते-पोतियां और 10 पड़पोते-पोतियां हैं। बकिंघम पैलेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘बड़े ही दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि महामहिम महारानी ने अपने प्यारे पति रॉयल हाईनेस द प्रिंस फिलिप, ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग के निधन की घोषणा की है। विंडसर कैसल में आज सुबह उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से अंतिम सांस ली।’

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि ‘उन्होंने अनगिनत युवाओं के जीवन को प्रेरित किया है।’

ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्यों को भी प्रिंस फिलिप के निधन के बारे में जानकारी दे दी गई है। उनके निधन के बाद ब्रिटेन के झंडे को आधा झुका दिया गया है। एक बार उन्होंने कहा था कि वह अपने अंतिम संस्कार पर बहुत ज्यादा ताम-झाम नहीं चाहते हैं। वह नहीं चाहते थे कि उन्हें वेस्टमिन्सटर हॉल में दफनाया जाए। उन्हें विंडसर कैसल के फ्रॉगमोर गार्डंस में दफनाया जाएगा। यह वही गार्डन है, जहां महारानी को टहलना पसंद था।

जून में मनाते 100वां जन्मदिन

प्रिंस फिलिप के दिल का सफल ऑपरेशन होने के बाद उनकी लंबी उम्र को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। इस साल जून में ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग 100 साल के हो जाते। कोरोना महामारी के बीच उनके 100वें जन्मदिन की तैयारियां की जा रही थीं। उनका ऑपरेशन लंदन के सेंट बार्थोलोमेव अस्पताल में हुआ था। यह यूरोप का सबसे बड़ा हृदय रोग अस्पताल है।

नवंबर 2020 में मनाई थी 73 वीं सालगिरह

कोरोना महामारी के बीच ही विंडसर कैसल में प्रिंस व महारानी ने नवंबर 2020 में अपने विवाह की 73 वीं सालगिरह मनाई थी। प्रिंस फिलिप ने लॉकडाउन के दौरान ही अपना 99 वां जन्मदिन भी यहीं मनाया था। प्रिंस फिलिप प्रिंस चार्ल्स के पिता और प्रिंस हैरी व प्रिंस विलियम के दादा थे।

प्रिंस फिलिप अपना अधिकतर वक्त नॉरफ्लोक स्थित महारानी के सैंड्रीघम एस्टेट में ही बिताते थे। हालांकि लॉकडाउन के दौरान वह महारानी के साथ विंडसर कैसल में आ गए थे। ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग के नाम से जाने जाने वाले फिलिप 2017 में अपने सार्वजनिक कर्तव्यों से सेवानिवृत्त हो गए थे।

कोरफू आइलैंड में हुआ था जन्म

प्रिंस फिलिप का जन्म ग्रीस के कोरफू आइलैंड में 10 जून 1921 को हुआ था। उन्होंने ब्रिटेन की राजशाही को आधुनिक रूप देने में अहम भूमिका निभाई थी। दिवंगत प्रिंस सार्वजनिक रूप से बहुत कम दिखाई देते थे। वह ग्रीक व डैनिश राजपरिवार के सदस्य थे।

ग्रीस से निर्वासित हुए, फ्रांस, जर्मनी के बाद ब्रिटेन आए

प्रिंस अपने गृह देश से परिवार सहित निर्वासित हो गए थे। ग्रीस छोड़ने के बाद वे फ्रांस, जर्मनी व ब्रिटेन आए। उन्होंने ब्रिटेन में शिक्षा पाने के बाद लंबे समय तक ब्रिटिश नौसेना में सेवाएं दीं।