कमरा बाहर से बंदकर गार्ड ने सो रहे नौ कर्मचारियों पर खिड़की से बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

150
खबर शेयर करें -

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कविनगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मल्टीटेक कंपनी के गार्ड ने कमरे में सो रहे नौ कर्मचारियों पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे एक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान बिहार निवासी राजू यादव और घायलों की पहचान बलिया निवासी उमेश यादव व विजय यादव के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि गार्ड फर्रूखाबाद निवासी ज्ञानेंद्र सिंह ने रात में लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। तड़के तीन बजे गार्ड रूम के पास सो रहे कर्मचारियों के कमरे के पास गया और कुंडी लगाकर कमरे को बाहर से कर दिया। फिर खिड़की से ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे कमरे में सो रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई, मगर दरवाजा बंद होने से कोई भी बाहर नहीं निकल पाया। गोलियों की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची और आरोपी गार्ड ज्ञानेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  किशोर को गोली मारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, इस वजह से की गई थी वारदात

घायल कर्मचारी उमेश व विजय ने बताया कि ज्ञानेंद्र का सोमवार रात करीब नौ बजे फैक्ट्री के ही दूसरे गार्ड सतीश से विवाद हुआ था। रात करीब साढ़े 9 बजे ज्ञानेंद्र ने हवाई फायरिंग कर सतीश को जान से मारने की धमकी दी थी। उमेश ने बताया कि विवाद के बाद सतीश दूसरे कमरे में जाकर सो गया था, लेकिन ज्ञानेंद्र को शक था कि उन्होंने सतीश को अपने कमरे में छिपा रखा है। इसी बात पर उसने कमरे में सो रहे सभी कर्मचारियों पर गोलियां बरसा दीं।

यह भी पढ़ें 👉  एसटीएफ और पुलिस को बड़ी सफलता- लाखों की चरस के साथ अन्तर्राष्ट्रीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार

वहीं, एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि घायलों का एमएमजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है।