Corona in up : उप्र के राज्यमंत्री विजय कश्यप की कोरोना से मौत, भाजपा का छठा बड़ा नुकसान

277
खबर शेयर करें -

 

लखनऊ : कोरोना का असर कम होता नहीं दिख रहा है। बुधवार को उत्तर प्रदेश में सरकार को एक और झटका लगा जब उसके एक राज्यमंत्री ने कोरोना से इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। भारतीय जनता पार्टी के पांच विधायक पहले ही कोरोना से जंग हार चुके हैं। आज राजस्व मंत्री विजय कश्यप की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समय में श्री कश्यप के परिजनों के साथ संगठन और सरकार दोनों खड़े हैं। ईश्वर उन्हें श्री चरणों में स्थान दे।
उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर जिले में स्थित चरथावल विधानसभा सीट से विजय कश्यप विधायक थे और अपनी सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का राज्य मंत्री बनाया था। पिछले दिनों कोरोना संक्रमण के चलते मैं काफी बीमार थे, उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। विजय कश्यप के निधन की सूचना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजय कश्यप असली जन नेता थे, वे जनता के हितों के लिए जीते थे। समस्याओं के समाधान के लिए कई बार वे उनसे ही जिद पर अड़ जाते थे। उनकी समाज और क्षेत्र के हित की टीस औरों के लिए प्रेरणादायक थी। उनका निधन पार्टी और सरकार दोनों के लिए बड़ा नुकसान है। इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी दोनों ही उनके परिवार के साथ खड़ी है।
विजय कश्यप का अंतिम संस्कार सहारनपुर के पैतृक गांव नानौता में किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, गन्नामंत्री सुरेश राणा विजय कश्यप के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।