हल्द्वानी नगर निगम में पार्षदों ने नौ घंटे तक किया खूब हंगामा, अफसरों काे बनाए रखा बंधक

145
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नगर निगम में शुक्रवार को खूब हंगामा हुआ। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बनभूलपुरा के पार्षद नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। यही नहीं, उन्होंने दोनों सहायक नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को उनके दफ्तर में ही बंधक बना लिया। इस दौरान पार्षदों ने निगम के मुख्य द्वार पर भी ताला लगा दिया। रात करीब साढ़े बजे तक पार्षद धरने पर बैठे रहे। बाद में सीओ शांतनु परासर और सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने पार्षदों से वार्ता की और आश्वासन देकर उन्हें मनाकर धरना खत्म कराया।

दरअसल, इस समय सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जो बारिश के कारण दुर्गंध पैदा कर रहे हैं। इसी मसले को लेकर शुक्रवार को पांच पार्षद नगर निगम पहुंच गए और मेयर और नगर आयुक्त से मिलने की मांग करने लगे, मगर दोनों ही अधिकारी दफ्तर में नहीं थे। पार्षदों ने उन्हें फोन किया, इसके बाद भी दोनों नहीं पहुंचे। इससे पार्षद भड़क गए और वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के मेन गेट पर ताला भी लगा दिया। यह देख सहायक नगर आयुक्त पार्षदों से वार्ता को पहुंचे, मगर पार्षद मेयर और नगर आयुक्त को बुलाने पर अड़े रहे। इसे लेकर अधिकारियों से उनकी गहमागहमी भी हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  मौसम विभाग की चेतावनी- उत्तराखंड समेत इन राज्यों में सूखे की मार

करीब साढ़े तीन बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन चार घंंटे बीत गए और गेट पर ताला लगा होने से सभी कर्मचारी अंदर ही बंद रहे। बाद में काफी मान-मनौव्वल के बाद महिला कर्मचारियों को जाने दिया गया, मगर अधिकारी और अन्य कर्मचारी अंदर ही बंधक बने रहे। इसकी सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और पार्षदों से खूब नोक-झोंक हुई। देर रात नगर आयुक्त ने पांच पार्षदों और उनके दो प्रतिनिधियों पर मुकदमा भी दर्ज करा दिया। इसके बाद भी पार्षद धरने पर डटे रहे। यह देख देर रात सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम मनीष सिंह भी पहुंच गए। सीओ शांतनु परासर भी पहुंच गए और काफी देर वार्ता के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने रोस्टरवार सफाई कराने का अाश्वासन दिया, तब जाकर पार्षदों ने रात साढ़े 12 बजे धरना खत्म किया।

यह भी पढ़ें 👉  लोकतंत्र का महापर्व- हल्द्वानी में दूल्हे के साथ पहुंची दुल्हन ने डाला वोट

पार्षद ने किया आत्मदाह का प्रयास

धरने पर बैठे पार्षद लईक कुरैशी ने आत्मदाह का प्रयास किया। निगम परिसर में खड़ी बाइक की तरफ निकलकर पेट्रोल निकालने का प्रयास करने जा रहे कुरैशी को साथी पार्षदों व पुलिस कर्मियों ने रोका।

इन पर दर्ज हुआ मुकदमा

पार्षद मोहम्मद गुफरान, जीशान परवेज, लईक कुरैशी, शकील अंसारी, महबूब आलम और पार्षद प्रतिनिधि रूमी वारसी, मोहम्मद इस्लाम मिकरानी पर दफ्तर में गलत तरीके से तालाबंद करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

कभी आपस तो कभी व्यापारी से उलझे पार्षद

सिटी मजिस्ट्रेट के मुस्लिम बहुल इलाकों में शनिवार से रोस्टर के आधार पर कूड़ा उठाने की बात कहने पर मौके पर जुटे एक व्यापारी ने विरोध किया। कहा कि मुस्लिम बहुल इलाकों में ही क्यों पूरे शहर में सफाई होनी चाहिए। इस पर पार्षद व्यापारी से उलझ गए। इससे पहले लास्ट समय में पार्षद आपस में ही उलझते दिखे। एक गुट अपने वार्ड में सफाई होने की बात कहकर दूसरे के समर्थन में धरने पर बैठने की बात कहने लगा। कुछ पार्षद धरने से उठने को तैयार नहीं थे तो कुछ अधिकारियों की बात रखने को धरना समाप्त करने का दबाव बनाने लगे।

यह भी पढ़ें 👉  लोकतंत्र का महापर्व- हल्द्वानी में दूल्हे के साथ पहुंची दुल्हन ने डाला वोट

खबरों से रहें हर पल अपडेट :

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हमारे यूट्यब चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें।