Bareilly big news-तेज हवा में टूटकर सड़क पर गिरे बिजली तारों की चपेट में आकर 10 साल के बच्चे की मौत, बचाने दौड़ी चाची भी झुलसी

383
खबर शेयर करें -

न्यूज जंक्शन 24, बरेली। क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव ज्योति जागीर में विद्युत कर्मचारियों की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रहा बच्चा सड़क पर टूटे पड़े बिजली तारों की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह मौके पर छटपटाने लगा। यह देख बच्चे की चाची उसे बचाने को दौड़ी जिससे वह भी झुलस गई। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय निवासी नरेश कश्यप का 10 वर्षीय पुत्र अशोक रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। वहीं पर करीब नौ दिन पहले तेज हवा में बिजली के तार टूट गए थे जो तब से सड़क पर ही पड़े थे। खेलते-खेलते अशोक तारों के पास चला गया।

टूटे तारों में करंट दौड़ रहा था। इसी बीच अशोक करंट की चपेट में आकर छटपटाने लगा। घर के सामने खड़ी अशोक की चाची विमला देवी पत्नी नन्हे कश्यप ने देखा तो वह आनन-फानन दौड़कर मौके पर पहुंची। उसने अशोक को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई। इधर, बच्चे की कुछ देर बाद मौत हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत कार्यालय में फोन कर सूचना दी। जिसके बाद बिजली बंद कर शव निकाला गया। ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।