बारातियों को मैरिज लॉन का दरवाजा बंद करके पीटा, बवाल इतना बढ़ गया कि दूल्हे को खुद मांगनी पड़ी माफी

136
खबर शेयर करें -

न्यूज जंक्शन 24, मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में उस वक्त बड़ी हलचल मच गई जब लड़की पक्ष के लोगों ने मैरिज लॉन का दरवाजा बंद करके बारातियों को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। बराती जान बचाकर भागने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि दूल्हे को खुद माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग माने और शादी के लिए राजी हुये। बातचीत के बाद मामले का हल निकल सका।

असल में गांगनवाली मैनाठेर निवासी एक ग्रामीण ने अपनी बेटी का रिश्ता ग्राम असद पुर निवासी युवक के साथ तय किया था। गुरुवार को बारात करला स्थित एक बारात घर में आई थी। बारात चढ़त की रस्म पूरी होने के बाद निकाह की तैयारियां शुरू हो गई थी। बारातियों को खाना खिलाया जा रहा था।

इसी दौरान बरात में शामिल तीन युवक कन्या पक्ष की ओर से आए कुछ युवतियों के फोटो खींचने लगे। उनसे अश्लील इशारे करने लगे। बताते हैं कि युवतियों का हाथ पकड़ने की भी कोशिश दूल्हे पक्ष के लोगों ने की। पहले तो लड़कियों ने आरोपियों को खुद समझाने की कोशिश की। बावजूद वे नहीं माने तो उन्होंने अपने माता-पिता को बात बताई। आक्रोशित परिवार वालों ने आरोपियों को पकड़ लिया तो वह गाली गलौज पर उतारू हो गए। इस पर परिवार के लोगों ने आरोपियों को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की तो मैरिज लॉन का दरवाजा बंद करके उन्हें पीटा गया। इससे बारात में हड़कंप मच गया काफी देर तक तो कुछ लोगों को समझ में ही नहीं आया कि यह क्या हो रहा है। फिर बात दूल्हे तक पहुंची और जब मामला जाना तो उनके पक्ष के लड़कों की ही गलती निकली।

इस पर लड़की वालों से दूल्हे ने खुद माफी मांग कर मामले में समझौता कराया और आरोपी लड़कों को बारात से बेइज्जत करके निकाला। जिसके बाद निकाह की अन्य रस्म पूरी की जा सकीं। कटघर चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने बताया कि बरात में मारपीट हुई थी। दूल्हा पक्ष और लड़की पक्ष दोनों ने मामले को समझौते से सुलझा लिया।