उत्तराखंड के औली में कूड़ा फैलाने वाले गुप्ता बंधु UAE में गिरफ्तार, दक्षिण अफ्रीका में अरबों का घोटाला करने का है आरोप

818
खबर शेयर करें -

न्यूज जंक्शन 24, नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के करीबी और भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे गुप्ता बंधुओं को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से गिरफ्तार कर लिया गया है। दक्षिणी अफ्रीकी सरकार ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। दक्षिण अफ्रीका के न्याय मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘न्याय और सुधार सेवा मंत्रालय पुष्टि करता है कि उसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कानून प्रवर्तन अधिकारियों से सूचना मिली है कि भगोड़े राजेश और अतुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।’ अंतरराष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन (इंटरपोल) ने पिछले साल जुलाई में उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

अब भ्रष्टाचार के आरोपी गुप्ता बंधुओं को यूएई से दक्षिण अफ्रीका वापस लाने की कवायद तेज हो गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनकी वापसी होगी या नहीं। दरअसल, दोनों देशों ने अप्रैल, 2021 में प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर किए थे। सरकार का कहना है कि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। गुप्ता बंधुओं अजय, अतुल और राजेश गुप्ता पर आरोप है कि तीनों ने पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के साथ नजदीकी के चलते बड़े पैमाने पर अरबों की स्थानीय मुद्रा का गबन किया। यह भ्रष्टाचार 2009 से 2018 के बीच किया गया। हालांकि, घोटालों के सामने आने के बाद वे दक्षिण अफ्रीका से भाग गए थे। उनके खिलाफ काफी प्रदर्शन भी हुए थे। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने पहली बार यह स्वीकार किया था कि अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस के भीतर मतभेदों के कारण देश में घोटाले में कथित तौर पर लिप्त गुप्ता परिवार के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हो सकी।

यह भी पढ़ें 👉  ......तो नौकर ने इस बात से नाराज होकर रेता था मासूम का गला, पुलिस ने दबोचा
उत्तराखंड के औली में फैलाया था कूड़ा

जून 2019 में औली में गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी हुई थी। शादी के बाद फैली गंदगी को लेकर बहुत हंगामा हुआ था। गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में औली को गंदगी से इतना पाट दिया गया था कि जोशीमठ पालिका को इसे साफ करने में 8 दिन लगे थे। सफाई अभियान के दौरान 326 क्विंटल कूड़े को निस्तारित किया गया था। औली में कूड़ा अधिक होने पर गुप्ता बंधुओं से पालिका के द्वारा और रकम वसूली गई थी। शादी समारोह 18 जून से 22 जून 2019 तक चला था। शादी समारोह में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, योग गुरु बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद, आचार्य बालकृष्ण, सांसद अजय भट्ट भी पहुंचे थे। कई बॉलीवुड सितारे भी इस शादी में शामिल हुए थे, जिसमें कैटरीना कैफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा, उर्वशी रौतेला, अभिजीत सावंत, जावेद अली, सुरभि ज्योति, दीप्ति समेत कई छोटे पर्दों के कलाकारों ने शिरकत की थी।

यह भी पढ़ें 👉  एकाएक रेस्टोरेंट में लगी आग, चपेट में आने से दो वाहन हुए राख, तीन लोग झुलसे
1994 में अपने परिवारों के साथ दक्षिण अफ्रीका आ गए थे

अजय, अतुल और राजेश गुप्ता 1994 में अपने परिवारों के साथ दक्षिण अफ्रीका आ गए थे। पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा से उनकी बेहद नजदीकी थी। जल्द ही गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष पांच धनी लोगों में शुमार हो गए। उद्योगपति गुप्ता बंधु मूलत: सहारनपुर के रहने वाले हैं। इनके पिता शिवकुमार की सहारनपुर में राशन की दुकानें थीं। वह दिल्ली में खोली गई अपनी कंपनी से मसालों का निर्यात करते थे। उनकी दूसरी कंपनी टेलकम पाउडर में प्रयोग होने वाले सोपस्टोर पाउडर का वितरण करती थी। सहारनपुर के रानी बाजार में इनका पुश्तैनी मकान है।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा को लेकर एसओजी जारी, 50 जगह होगी तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य जांच