शौक बड़ी चीज है : 22 फीट लंबी मूंछे रखकर रिकॉर्ड बनाने में जुटे राम सिंह

564
बरेली के ठाकुर राम सिंह
खबर शेयर करें -

बरेली। कहते हैं शाैक बड़ी चीज होती है। हर किसी के शौक अलग-अलग होते हैं। बरेली के नवाबगंज के मटकापुर गांव के ठाकुर राम सिंह भी गजब का शौक पाले हुए हैं। उन्हें लंबी मूछें रखने को शौक है। उनका दावा है कि उनकी मूछों की लंबाई 22 फीट है। गुरुवार को जब वे हल्द्वानी आए तो उन्हें और उनकी मूंछे देखने वालों की लाइन लग गई। 62 साल के राम सिंह 42 साल से अपनी मूछों को सहेज रहे हैं। उनका कहना है कि वह इन्हें लिम्का बुक आफ रिकार्ड में दर्ज कराना चाहते हैं।

राम सिंह यहां एक जागरण पार्टी में आए थे। उन्होंने बताया कि वह किसान हैं। लेकिन उनकी पहचान मूछों से है। हारमोनियम, ढोलक, बांसुरी बजाने में माहिर राम सिंह घुड़सवारी का भी शौक भी रखते हैं। उनका दावा है कि घोड़े उनके एक इशारे पर रफ्तार पकड़ते हैं। जब वह 20 साल के थे तभी मूछें बढ़ाने का ख्याल आया। यही कारण था कि अब तक मूछों पर कैंची नहीं लगाई। नतीजा यह हुआ कि न केवल क्षेत्र बल्कि प्रदेश भर में उनकी मूछों की चर्चा होने लगी। मुलायम सिंह, अखिलेश सिंह, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ के हाथों पुरस्कार पा चुके राम सिंह का कहना है कि अच्छा लगता है जब आपके शौक की कद्र होती है। नाम मिलता है।

राम सिंह ने बताया कि मूछों को सहेजने में वह रोजाना 10 मिनट का समय देते हैं। रीठा और मुलतानी मिट्टी से इनकी सफाई व चंपी करते हैं। उनका कहना है जैसे मेरे खेत की फसल लहलहाती है वैसे ही मेरी मूछें बढ़ती हैं। मूछों को काले रंग से रंगता हूं ताकि बुढ़ापा न दिखे।

राजस्थान के राम सिंह चौहान

दुनिया में सबसे लंबी मूंछ राम सिंह की

यह हैरानी वाली ही बात है। दुनिया में सबसे लंबी मूछ रखने का रिकार्ड राम सिंह के पास है। मगर भ्रमित न होइये, ये राम सिंह राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं और इनका पूरा नाम राम सिंह चौहान है। इन्होंने 2010 और 2012 में दो बार अपना नाम इस शौक के कारण गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है। हालांकि उनकी मूंछ बरेली के राम सिंह से छोटी केवल 14 फीट की है। ऐसे में अगर बरेली के राम सिंह काे मौका मिले और उनका दावा अगर सही है तो वे जयपुर के राम सिंह का रिकार्ड तोड़कर उसे अपने नाम कर सकते हैं। यह तय है।