Krashna janmashtami mathura : जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ और ले लिया यह संकल्प। पढ़िए क्या कहा योगी ने…

558
खबर शेयर करें -

 

मनीष सक्सेना, मथुरा।

सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे। उन्होंने जन्मस्थान परिसर स्थित भागवत भवन में राधाकृष्ण के दर्शन कर अपने को धन्य महसूस किया वहीं श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से धर्म रक्षा-राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने यहां गर्भगृह के साथ ही ठाकुर केशव देव महाराज के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने भागवत भवन में युगल सरकार का पूजन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर कोरोना महामारी से मुक्ति का आशीर्वाद मांगा।

प्रति वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से कोई एक संकल्प लिया जाता है। ये संकल्प ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास लेते हैं लेकिन अस्वस्थता के कारण वह इस बार जन्मोत्सव में शामिल नहीं हो सके। ऐसे में मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट की ओर से धर्मरक्षा-राष्ट्ररक्षा का संकल्प लिया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि गोरक्ष पीठाधीश्वर के रूप में योगी आदित्यनाथ ने ट्रस्ट की ओर से धर्मरक्षा-राष्ट्ररक्षा का संकल्प लिया है ।
फिरोजाबाद का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब तीन बजे मथुरा पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर ओम पैराडाइज मैरिज होम में बने हैलीपैड पर उतरा। यहां से वह कार्यक्रम स्थल रामलीला मैदान पहुंचे। रामलीला मैदान पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए सजाए गए भव्य मंच पर आसीन योगी आदित्यनाथ का स्थानीय संतों ने अभिवादन किया। मुख्यमंत्री योगी ने भी ब्रज के संतों को सम्मानित किया। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर पूजा-अर्चना कर ठाकुरजी के दर्शन किए।
रामलीला मैदान में श्री कृष्णा महोत्सव में भाग लेने आये मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से ही कान्हा की नगरी में जन्मोत्सव की धूम को देख कर सीएम बेहद खुश नजर आये और उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा दुल्हन की तरह सजी नगरी को देख मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारी को अपना आर्शीवाद दिया। कृष्णोत्सव में प्रदेश के मुखिया योगी आदित्य नाथ ने संबोधन की शुरूआत भारत माता की जय के साथ की। उन्होंने कहा कि वे इस अवसर का तीन वर्षों से इंतजार कर रहे थे। आज योगमाया के प्रकटीकरण का दिवस भी है। धरा पर धर्म की स्थापना के लिए कृष्ण का प्राकट्य हुआ था। पहले वर्ष 2019 में आगरा तक आया था। केंद्रीय मंत्री के निधन के कारण मथुरा नहीं आ सका। इस वर्ष कोरोना वायरस नियंत्रण में है लेकिन फिर सावधानी अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि अब बिहारी जी से यही कामना है कि कोरोना नामक राक्षस का अंत करें। बहुत लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है। महामारी के दौरान सरकारी संसाधन अक्सर कम पड़ते हैं। पीड़ितों के परिवार से संवेदना है। लापरवाही न करें तो महामारी बाल भी बांका नहीं कर सकती। कोरोना रूपी अदृश्य शत्रु से लड़ने की राह प्रधानमंत्री ने दिखाई है। कोरोना गाइड लाइन का पालन करें। मथुरा के विकास के लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया। ब्रज भूमि को पांच हजार वर्षों पूर्व का स्वरूप देने का प्रयास हो रहा है। सीमए ने आगे कहा कि ब्रज क्षेत्र के विकास में कोइ कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। सभी जनप्रतिनिधि इस ओर प्रयासरत हैं। सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है। अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण आरंभ हो गया है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहले राष्ट्रपति हैं जो अयोध्या का दर्शन करने पहुंचे। अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नया भारत अंगड़ाई ले रहा है। जो पहले मंदिर जाने में संकोच करते थे अब कह रहे हैं राम हमारे भी हैं कृष्ण हमारे भी हैं। पहले पर्व पर बधाई देने को कोई नेता नहीं आता था। अब कोइ बंदिश नहीं है भाई। बिहारी जी की कृपा से कुंभ के दौरान कोरोना नहीं आया। हम अपनी आध्यात्मिक संस्कृति को संरक्षित करें। हम यहां के कण-कण में वृंदावन बिहारी लाल का दर्शन करते हें। ब्रजवासी धन्य हैं। उन्हें इस भूमि पर जन्म लेने का सौभाग्य मिला। कृष्णोत्सव की सभी को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन समाप्त किया।
मंच पर श्रीकांत शर्मा, पशुपालन मंत्री लक्ष्मीनारायण, कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन, विधायक पूरन प्रकाश, कारिंदा सिंह, मेयर मुकेश आर्यबंधु, उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. किशन सिंह, भाजपा की जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, कॉपरेटिव बैंक मथुरा के चेयरमैन मेघश्याम, फूलडोल महाराज, महंत रामकिशोर महाराज, सुतीक्ष्ण दास महाराज, स्वामी कृष्णानंद महाराज प्रमुख रूप से मौजूद रहे।