अधिकारियों ने झाड़ू लगाई और पर्यावरण मित्रों ने तालियां बजाई, जानिए क्या था अजीबोगरीब मामला

177
खबर शेयर करें -

 

न्यूज जंक्शन 24, रुद्रपुर।

पर्यावरण मित्रों और नगर निगम के बीच तलवारें और खिंच गई हैं। बुधवार को नगर निगम के पर्यावरण मित्रों ने जहां काम ठप रखकर विरोध किया तो अधिकारियों ने झाड़ू लगाई। कई स्थानों पर टकराहट की नौबत आ गई।

नगर निगम के पर्यावरण मित्रों का कार्य बहिष्कार बीते तीन दिनों से चल रहा था। ऐसे में निगम की ओर से कुछ निजी कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सफाई कार्य की व्यवस्था शुरू करवाई गई। मामले की सूचना मिलने के बाद पर्यावरण मित्रों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को वहां से भगा दिया।
इस बात की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त रिंकू नेगी ने खुद हाथ में झाड़ू उठा लिया और सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, स्वच्छता निरीक्षक अमित सिंह नेगी आदि के साथ गांधी पार्क पहुंचकर झाड़ू लगाना शुरू कर दिया। अधिकारियों को सफाई करते देख कर्मचारियों का पारा और ज्यादा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर नारेबाजी शुरू कर दी, भारी विरोध को देख अधिकारियों के पसीने छूट गए और वह गाड़ी में बैठ कर आगे बढ़ने लगे। इस दौरान कर्मचारियों ने भी नारेबाजी करते हुए उन्हें दौड़ा लिया कुछ दूर जाने के बाद नगर आयुक्त रिंकू नेगी ने बाटा चौक पर गाड़ी रुकवा दी और विरोध के बीच फिर से हाथ में झाड़ू लेकर मुख्य बाजार सड़क पर उतर गई और झाड़ू लगाने लगी। इस दौरान पर्यावरण मित्रों ने मौके पर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। तालियां बजाकर पर्यावरण मित्र विरोध करते रहे लेकिन नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों ने बेहद शांतिपूर्वक सड़क के किनारे झाड़ू लगाई। जबकि पर्यावरण मित्रों ने विरोध स्वरूप फिर से मौके पर कूड़ा बिखेर दिया। इस तरह से पूरी बाजार में नगर आयुक्त और उनकी टीम ने झाड़ू लगाने का कार्य जारी रखा। पर्यावरण मित्रों ने कुछ देर विरोध के बाद नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर नगर निगम परिसर पहुंच गए हैं। जहां आगे की रणनीति बनाई जा रही है। नगर निगम गेट पर फिर से पर्यावरण मित्र धरने पर बैठे हुए हैं। वहीं नगर आयुक्त रिंकू नेगी भगत सिंह चौक और आसपास के क्षेत्र में अधिकारियों के साथ झाड़ू लगाने में व्यस्त हैं। वही नगर आयुक्त को झाड़ू लगाते देख स्थानीय लोग भी कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
नगर आयुक्त ने बताया कि झाड़ू लगाना कोई शर्म की बात नहीं है अगर प्रधानमंत्री मोदी झाड़ू लगा सकते हैं तो देश के प्रत्येक नागरिक को सफाई कार्य के लिए आगे आने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा को लेकर एसओजी जारी, 50 जगह होगी तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य जांच