प्रचार के दौरान बाल बाल बचीं प्रियंका गांधी, चेहरे के बगल से गुजरा बिजली का तार

574
खबर शेयर करें -

न्यूज जंक्शन 24, लखनऊ। मथुरा में चुनाव प्रचार के लिए आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गईं। प्रियंका गांधी का काफिला जब छत्ता बाजार के भीतर से गुजर रहा था तभी यहां बिजली का एक तार प्रियंका गांधी के मुंह पर टकराने से बाल-बाल बचा। गनीमत ये रही कि सुरक्षाकर्मियों ने बिजली के तार को वक्त रहते पकड़ कर हटा दिया।

प्रियंका गांधी मंगलवार को चुनाव प्रचार के लिए मथुरा पहुंची थीं। यहां उन्होंने सबसे पहले यमुना पूजन किया और उसके बाद एक गाड़ी में सवार होकर रोड शो करते हुए शहर के बीच बाजार से निकलीं। प्रियंका गांधी को देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ मथुरा के छत्ता में मौजूद रही। जब प्रियंका गांधी का काफिला होली वाली गली के करीब पहुंचा। तभी बीच सड़क पर बहुत ही निचाई पर एक बिजली का तार लटका हुआ था। पुलिस एस्कॉर्ट सहित तमाम गाड़िया निकलती रहीं, लेकिन किसी ने उसे नहीं हटाया और जैसे ही प्रियंका गांधी की गाड़ी उस जगह पर पहुंची तो हवा में झूलता बिजली का केबिल प्रियंका गांधी के चेहरे के बेहद करीब आ गया।

हालांकि गनीमत यह रही कि वहां गाड़ी पर मौजूद सुरक्षाकर्मी की नजर उस तार पर पड़ गई और उसने तथा एक कांग्रेसी नेता ने उस तार को अपने नंगे हाथों से ही पकड़ कर प्रियंका गांधी को बचाया।