सल्ट उपचुनाव : भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची से दो पूर्व मुख्यमंत्री गायब, कार्यकर्ता हैरान

162
खबर शेयर करें -

 

देहरादून। सल्ट विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में प्रत्याशी घोषणा के बाद भाजपा ने बुधवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी। जिसमें 30 नेताओं को स्टार प्रचारक मानते हुए प्रचार में झोंकने का निर्णय लिया गया है। हैरानी तो तब हुई जब हाल ही में हटाए गए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का नाम नहीं था। हालांकि प्रदेश भाजपा इसको चूक बता रही है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर चौहान ने बताया कि यह गलती से हुआ है। संशोधित सूची जारी कर चुनाव आयोग को भेज दी है। जिसमें दोनों के नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लोकसभा चुनाव- नैनीताल जिले की पोलिंग पार्टियां लौटी, कंट्रोल रूम सील

सल्ट उपचुनाव भाजपा के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और नए प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। इसके लिए भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। पार्टी ने 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी कर दी। मगर कार्यकर्ता तब हैरान रह गए जब उसमें विधायक और मंत्री तो प्रचारक के रूप में दिखे, मगर हाल ही में सीएम पद से हटाए गए त्रिवेंद्र सिंह रावत और विजय बहुगुणा जैसे दिग्गज गायब हैं। यह लिस्ट केंद्रीय कार्यालय से राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार सिंह की ओर से भेजी गई है।