सेवानिवृत्त पुलिस सिपाही के तांत्रिक बेटे ने कर ली पांच शादियां, सच्चाई जानकर हो जाएंगे हैरान

152
खबर शेयर करें -

बरेली। शाहजहांपुर जिले से काफी चौकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस में सिपाही के बेटे ने एक, दो नहीं बल्कि पांच शादियां कर ली।  सच्चाई का पता चलने पर तीन पत्नियों ने उसे छोड़ दिया। जबकि, उसकी एक बीवी ने आत्महत्या कर ली। एक महिला से उसने दो माह पहले ही शादी की है। उसे अभी अपने पति की करतूत पता नहीं है। बची तीन महिलाओं ने सोमवार को बरेली में डीआईजी राजेश पांडेय के समक्ष पेश होकर पति की शिकायत की तो वे भी चौंक गए। उन्होंने तुरंत उसकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

आरोपी का नाम अनुज चेतन सरस्वती है। 45 वर्षीय अनुज शाहजहांपुर जिले में निगोही के संगम इंटर कॉलेज के पास रहता है।उसके पिता रामेश्वर दयाल पुलिस में सिपाही थे। इस वक्त वह रिटायर हो चुके हैं। वह खुद को तांत्रिक बताता है।

सोमवार को डीआईजी को आरोपी युवक की दूसरी पत्नी पिंकी ने बताया कि अनुज ने उससे 2014 में माता -पिता को अपनी तांत्रिक विद्या से सर्वनाश करने का खौफ दिखाकर शादी की थी। पिंकी औरेया के फंफूद इलाके की रहने वाली है।

अनुज और पिंकी के दो बच्चे भी हैं। बाद में पिंकी को पता चला कि आरोपी की 2005 में शालिनी सिंह नाम की महिला से शादी हो चुकी है। उन दोनों का दस वर्ष का बेटा भी है। इसके बाद पिंकी ने अनुज को छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी ने बरेली निवासी एकता वाल्मीकि से इसी तरह झूठ और तांत्रिक विद्या का खौफ दिखाकर शादी कर ली। सच पता चला तो उसने भी आरोपी को छोड़ दिया। जिसके बाद अनुज ने कानपुर निवासी शांति से शादी की।

वह गर्भवती हुई। उसे सच्चाई पता चली तो उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी ने अब पांचवीं शादी हाल ही में की है। पत्नी का नाम कल्पना गुप्ता है। कानपुर निवासी कल्पना के साथ ही अनुज इस वक्त रह रहा है। कल्पना को सच्चाई की जानकारी नहीं है। डीआईजी के पास पहुंची शालिनी, पिंकी और एकता ने बताया कि आरोपी के घर देह व्यापार चलता है। उन्हें घर में नशे के इंजेक्शन दिए जाते थे। पूरा दिन महिलाएं बेहोश रहती थीं। बताया कि स्थानीय पुलिस में शिकायत की। केस तो दर्ज हुआ लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई। इस कारण आरोपी लगातार लड़कियों से शादी कर रहा है।

आरोपी केस वापस लेने का दबाव बना रहा है। इस पर तीनों महिलाओ ने एकजुट होकर डीआईजी से शिकायत करने का फैसला लिया। डीआईजी राजेश पांडेय ने तुरंत आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। बताया कि शादी करने के लिए अनुज कभी खुद को मुस्लिम भी बताता है। वह प्रवचन भी करता है। शादी के अलावा भी उसने कई महिलाओं की जिंदगी बर्बाद की है जो सामने आने से डर रही हैं।