योगी सरकार को हराने के लिए UP में सपा और एनसीपी मिलकर लड़ेंगे चुनाव, हो गया गठबंधन

317
खबर शेयर करें -

लखनऊ। यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर रोज ही नई खिचड़ी पक रही है। अब चुनाव काे लेकर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में गठबंधन की बात सामने आ रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के महासचिव केके शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने लखनऊ प्रेस क्लब में पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश का हाल बुरा है। इसे सुधारना होगा। यहां समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर हम चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भी बात हो गई है और अब केवल सीटों का चयन होना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीमो शरद पवार ने साफ कहा है कि उत्तर प्रदेश में एनसीपी को युवाओं, किसानों और महिलाओं की आवाज उठानी होगी, क्योंकि यहां भाजपा सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा कर रही है। जो भी आवाज उठा रहा है उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उसकी आवाज को दबाया जा रहा है। यूपी में धर्म परिवर्तन कानून पर उन्होंने कहा कि जबरन धर्म परिवर्तन करना गलत है पर  यदि इच्छा से कोई धर्म परिवर्तन कर रहा है तो इसमें किसी को क्या आपत्ति है।

प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने कहा कि एक अगस्त से एनसीपी प्रदेश भर में ‘प्रदेश बचाओ संविधान बचाओ’ आंदोलन की शुरुआत करेगी जिसमें किसानों और नौजवानों पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थिति खराब है। किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं लेकिन उनकी सुनी नहीं जा रही है। अब एनसीपी भी इस मुहिम में उनके साथ है। गांव गांव जाकर इस अभियान को चलाया जाएगा। इस मौके पर संगठन प्रभारी विशाल नाथ तिवारी, हरीश चंद्र सिंह, करुणेश श्रीवास्तव, आरपी शर्मा आदि मौजूद रहे।

खबरों से रहें हर पल अपडेट :

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हमारे यूट्यब चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें।