Tokyo Paralympic : भारत के लिए स्वर्णिम दिन, अवनि लेखरा ने रचा इतिहास, शूटिंग में जीता गोल्ड मेडल, दो सिल्वर व एक ब्रांज भी भारत की झोली में

244
खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। टोक्यो पैरालंपिक में सोमवार को भारत की शुरुआत स्वर्णिम रही। भारत की अवनि लेखरा ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर स्पर्धा एसएच-1 में यह स्वर्ण पदक जीता। पैरा शूटिंग में भारत को पदक दिलाने वाली वह पहली खिलाड़ी हैं। साथ ही टोक्यो पैरालंपिक में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है। वहीं, पुरुषों की एफ-56 डिस्कस थ्रो स्पर्धा में भारत के योगेश कथुनिया ने रजत पदक जीता। जबकि पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में देवेंद्र झाझरिया रजत पदक जीतने में सफल रहे। वहीं सुंदर सिंह गुर्जर ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। बीता पांचवां दिन भारत के लिए शानदार रहा और तीन भारतीय एथलीट पदक जीतने में सफल हुए।

लगा बधाइयों का तांता, राष्ट्रपति, पीएम, गृहमंत्री बाेले- अद्भुत, ऐतिहासिक

जैसे ही अवनि ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता, पीएम मोदी से लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, योगी आदित्यनाथ समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने लिखा कि यह भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण है। पीएम मोदी ने अवनि को बधाई देते हुए लिखा – अभूतपूर्ण प्रदर्शन अवनि लेखरा। शूटिंग के लिए आपकी मेहनत, जुनून और कड़ी मेहनत के कारण आप स्वर्ण जीत पाईं। इसके लिए आपको बधाई। यह वास्तव में भारतीय खेलों के लिए खास पल है। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। गृह मंत्री अमित शाह ने भी अवनि को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया- ऐतिहासिक! पैरालंपिक में अपने परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीतकर हर भारतीय को गौरवान्वित करने वाली अवनि लेखरा को बहुत-बहुत बधाई। विश्व में तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए आपके जुनून व समर्पण को पूरा देश सलाम करता है।  वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा कि अवनि लेखरा को इतिहास रचने और भारत को पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जिताने के लिए बधाई। आपके प्रदर्शन से भारत उत्साहित है। आपके अभूतपूर्व प्रदर्शन के कारण ही आज भारत का तिरंगा पोडियम पर सबसे ऊपर जा सका।

योगी आदित्यनाथ ने भी दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा- अद्भुत… अतुल्य… अभिनंदनीय। टोक्यो पैरालंपिक्स में शूटिंग प्रतिस्पर्धा में अवनि लेखरा ने स्वर्ण पदक अर्जित कर वैश्विक पटल पर माँ भारती को गौरवभूषित किया है। भारतवर्ष को आप पर गर्व है। आपकी यह ऐतिहासिक विजय यात्रा अविराम गतिशील रहे…भारत माता की जय।

इधर, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष दीपा मलिक ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने पैरा शूटिंग में भारत को पहला पदक जिताने वाली अवनि लेखरा को बहुत-बहुत बधाई। इस युवा निशानेबाज ने खुद को शांत रखा और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर मेडल जीता।

खबरों से रहें हर पल अपडेट :

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हमारे यूट्यब चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें।