बरेली में फिर लव जिहाद के आरोप में हंगामा, लड़के के मां-बाप पुलिस को देख बोले-हम नहीं जानते लड़की को

200
खबर शेयर करें -

बरेली। जिले में एक बार फिर लव जिहाद के आरोप में हिन्दू संगठन ने हंगामा काटा। इधर, पुलिस व नेताओं को देखकर लड़का रफूचक्कर हो गया। जबकि, उसके मां-बाप बोले कि वे लोग लड़की को नहीं जानते। लड़की ने सच्चाई बताते हुए कहा कि वे लोग कोर्ट मैरिज करने के लिए यहां आए थे। अगर उसकी शादी नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेगी। फ़िलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

अलीगढ़ के सिकंदराबाद की 17 साल की किशोरी की मुलाकात एक साल पहले फतेहगंज पश्चिमी के रहने वाले अरबाज से हुई थी। दोनों में प्यार हो गया। कुछ दिन पहले लड़की अरबाज से निकाह करने के लिए परिवार को छोड़कर बरेली चली आई।

सोमवार को अरबाज के माता-पिता कचहरी में उसके निकाह के कागज तैयार करवा रहे थे। इसी बीच वहां से निकल रहे हिंदू संगठन से जुड़े एक युवक ने यह देख लिया और उसने अपने साथियों को बुला लिया। यह देखकर अरबाज मौके से फरार हो गया। जबकि उसकी मां और पिता को उन्होंने पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी के पिता के साथ मारपीट करते हुए उसे एसएसपी ऑफिस ले आए। जहां पर पहले तो पकड़े गए दंपति ने किशोरी को पहचानने से इनकार कर दिया। बाद में किशाोरी ने बताया कि अरबाज पकड़े गई दंपति का ही बेटा है।

पकड़े जाने पर जब किशोरी को एसएसपी कार्यालय लाया गया तो वह हिंदू संगठनों पर भड़क गई। उसने वहां पर हंगामा काटते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से शादी करना चाहती है। उसके मां-बाप नहीं है। उसकी बहन की मौत हो चुकी है। वह अरबाज से बहुत प्यार करती है। अगर उसका निकाह उससे नहीं हुआ तो उसकी मौत के जिम्मेदार संठगन के लोग होंगे।

वहीं दंपति ने बताया कि उनपर मुकदमा चल रहा है। वह उसकी जमानत के लिए आए थे। वह अपने वकील के पास बैठे थे। वहां पर न जाने कहां से लड़की आ गई। उनका इस लड़की से कोई लेना देना नहीं है। न ही वह उसे जानते हैं। हालांकि पुलिस शाम तक उनसे पूछताछ कर रही थी।

महिला थाना इंस्पेक्टर छवि ने कहा कि लड़की की गुमशुदगी दिल्ली में दर्ज है। वहां की पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। फिलहाल दंपति और लड़की को महिला थाने में रखा गया है। दिल्ली पुलिस के आने पर उन्हें वहां की पुलिस को सौंप दिया जाएगा।