प्रतिरोधक क्षमता के लिए रामबाण है उत्तराखंड का यह देशी घी, अमेजाॅन करेगा ऑनलाइन डिलीवरी

166
खबर शेयर करें -

 

 

चमोली। कोरोनाकाल ने मेड इन इंडिया को इतना बल दे दिया है कि उत्तराखंड के चमोली जिले का बद्री गाय का शुद्व घी अब देशभर में आप कहीं भी ऑनलाइन ले सकेंगे। अमेजॉन आॅनलाइन आपको यह उपलब्ध कराएगा। बद्री घी अमेजॉन पर ‘‘बद्री गाय घी’’ के नाम से उपलब्ध है जो चमोली में खास तौर पर बिलोना विधि से तैयार किया जाता है।
चमोली जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल ग्रोथ सेंटरों में निर्मित बद्री गाय घी को देशव्यापी बाजार उपलब्ध कराने की अभिनव पहल की है। बद्री गाय घी चमोली जनपद की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा परम्परागत बिलोना विधि से बनाया है। जिसमें बद्री गाय के दूध से दही बनाने के पश्चात लकडी की मथनी (बिलोना) से मथकर मक्खन को हल्की मध्यम आॅच पर गर्म कर घी तैयार किया जाता है। ताकि इसके पौष्टिक तत्व बने रहे।

महिला समूह ने कर दिखाया कमाल

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि ग्रोथ सेंटरों में निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उदेश्य से बद्री घी को आॅनलाइन अमेजन पर बिक्री कराया जा रहा है। अभी जोशीमठ ब्लाक के अन्तर्गत बद्री गाय घी के दो ग्रोथ सेंटर संचालित है। जिसमें महिला समूहों द्वारा परम्परागत बिलोना विधि से बद्री गाय का घी निर्मित किया जा रहा है। बद्री घी की आॅनलाइन बिक्री से चमोली में उत्पादित घी पूरे देश में बेचा जा सकेगा।

प्रतिरोधक क्षमता के लिए भरपूर है दूध

उन्होंने बताया कि बद्री गाय उच्च हिमालयी क्षेत्रों के बुग्यालों एवं जड़ी बूटियों से भरपूर चारागाहों में औषधीय गुणों से युक्त वनस्पतियों में स्वछंद चरायी करती है। जिससे बद्री गाय का औषधीय गुणों से युक्त दूध रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास में सहायक होता है।

पांच नए ग्रोथ सेंटर खोले

सहायक निदेशक डेरी राजेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे के मार्ग निर्देशन में दुग्ध विकास विभाग चमोली के माध्यम से बद्री घी का उत्पादन एवं विपणन की व्यवस्था की गई है। बद्री घी के ग्रोथ सेंटर की सफलता से डेरी विकास विभाग ने जनपद चमोली में पांच नए ग्रोथ सेंटर भी प्रस्तावित किए है।

40वीं भारतीय (स्वदेशी) गाय के रूप में सूचीबद्व

सहायक निदेशक ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड की बद्री गाय को राष्ट्रीय पशु आनुवांशिक संसाधन ब्यूरों द्वारा 40वीं भारतीय (स्वदेशी) की गाय के रूप में सूचीबद्व किया गया है। जो कि एक मजबूत कद-काठी की छोटी गाय है। बद्री गाय उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाली जाती है।