Uttrakhand big news : सतपाल महाराज नड्डा से मिलकर लौटे, अब मुख्यमंत्री धामी दिल्ली हो रहे रवाना। आखिरकार फिर क्या हो रहा यह…

380
खबर शेयर करें -

 

देहरादून : इसे विधानसभा चुनाव की तैयारियां कहो या फिर भाजपा में अंदरखाने चल रही सियासी गुटवाजी कि एक बार फिर नेताओं की दिल्ली दौड़ शुरू हो गई है। प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर लौटे हैं तो अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दरवार में हाजिर होने के लिए रवाना होने वाले हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के इस दौरे के पीछे कहा यही जा रहा है कि वह केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे और प्रदेश के विकास के लिए बजट मांगेंगे। सीएम धामी रविवार को शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। देर शाम वह देहरादून लौटेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दो माह के कार्यकाल में यह चौथा दिल्ली दौरा है। आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री राज्य के लिए शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन व आधारभूत सुविधाओं के विकास समेत अन्य विषयों पर केंद्र से कुछ सौगात देने का आग्रह कर सकते हैं।
प्रदेश सरकार इस समय चुनावी मोड में आ चुकी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के इस दौरे को चुनावी तैयारियों से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के सामने अब तकरीबन चार माह का समय ही शेष बचा है। ऐसे में वह अधिक से अधिक केंद्रीय योजनाओं को प्रदेश में लाना चाहते हैं, ताकि उनके कार्यकाल में विकास गति पकड़ता दिखाई दे और आमजन को भी इसका फायदा मिले। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री केंद्र से राज्य के लिए कुछ नई योजनाओं की मांग कर सकते हैं, जिसका फायदा चुनाव में मिले। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय मंत्रियों से राय मशविरा भी करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  किराए के मकान में रह रहे युवक ने की आत्महत्या, मचा कोहराम

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले महाराज

इधर, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दिल्ली प्रवास के दौरान शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की।
महाराज के अनुसार इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष से उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई। महाराज ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश में पर्यटन एवं तीर्थाटन के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी दी। बताया कि पर्यटन विभाग राज्य में धार्मिक सर्किट विकसित करने में जुटा है। साथ ही कई पर्यटक स्थल विकसित किए जा रहे हैं।