विधायक दुमका ने दी लालकुआं क्षेत्र को बड़ी सौगात, 200 बेड के अस्पताल को स्वीकृति।

506
खबर शेयर करें -

राजू अनेजा, न्यूज जंक्शन 24।

लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र के लोगों को बड़ी बीमारी तो दूर खांसी, सर्दी, जुखाम के लिए भी अब हल्द्वानी के लिए नहीं दौड़ना पड़ेगा। यह सुविधा दिलाने के लिए लंबे समय से जुटे भाजपा विधायक नवीन दुम्का के प्रयास रंग लाए हैं। उनकी मेहनत का नतीजा है कि मोतीनगर में 200 बेड का अस्पताल मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वीकार कर दिया है।
क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवा को पटरी पर लाने के लिए क्षेत्रीय विधायक नवीन दुमका ने जनता को बड़ी उपलब्धि दी है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मोतीनगर में मौजूद कुष्ठ आश्रम चिकित्सालय की भूमि पर 200 बेड के अस्पताल की स्वीकृति दिलवा दी। बताते चलें कि लाल कुआं विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य को लेकर कोई भी आपातकालीन व्यवस्था उपलब्ध ना होने के चलते यहां के गंभीर मरीजों को अक्सर हल्द्वानी पहुंचने से पहले अपनी जान गंवानी पड़ती थी। यही नहीं क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को भी प्रजनन के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जिसको गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक नवीन दुमका विगत कई वर्षों से लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में बड़े स्तर पर अस्पताल बनाए जाने के लिए लगातार प्रयासरत थे ।
सोमवार को विधायक दुमका के इस प्रोजेक्ट को मंजूरी देते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हल्द्वानी के बेस और सुशीला तिवारी अस्पताल में लगातार मरीजों के बढ़ते दबाव के बाद कुष्ठ रोग चिकित्सालय की भूमि पर 200 बेड के उप जिला चिकित्सालय के निर्माण मंजूरी दे दी है। यही नहीं हल्द्वानी स्थित महिला चिकित्सालय में 50 अतिरिक्त बेड का एमसीएच विंग के निर्माण बनाने का भी निर्णय लिया है।
लालकुआं विधायक नवीन दुम्का ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मोतीनगर क्षेत्र में 200 बेड के उप जिला चिकित्सालय को तैयार किया जाएगा। जिससे क्षेत्र सहित दूरदराज के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी। अब तक हल्द्वानी शहर के अस्पतालों में दूरदराज से आने वाले लोगों का ही बहुत दवाब था। लोगों को मोती नगर में बनने वाले इस 200 बेड के अस्पताल में बेहतर चिकित्सा मिलेगी।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व चेयरमैन पवन चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता हेमंत नरूला, वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी सर्वदमन सिंह, नामित सभासद संजय अरोरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विधायक नवीन दुमका द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में कराए गए इस नेक कार्य की सराहना की है। इन लोगों ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं विधायक दुमका का आभार प्रकट किया है।

यह भी पढ़ें 👉  लोकसभा चुनाव- उत्तराखंड की इस सीट पर सात नामांकन पत्र हुए रद्द