Bareilly-भोलेनाथ की 60 फीट ऊंची प्रतिमा बनी आस्था का केंद्र

135
खबर शेयर करें -

बरेली। प्रेमनगर स्थित प्राचीन त्रिवटीनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान भालेनाथ की 60 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। मंदिर के मनौती स्थल पर प्रतिमा को देखने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। यह प्रतिमा लोगों के बीच आस्था एवं आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ऊँ नम : शिवाय का जाप किया।

धातु, सीमेंट और प्लास्टर ऑफ पेरिस के मिश्रण से तैयार भारी भरकम प्रतिमा को सौ फीटा क्रेन के जरिए उठा कर स्थापित किया गया। प्रतिमा के सुरक्षित स्थापना के लिए राजस्थान और स्थानीय कारीगरों को बुलाया गया।

तांबे की तरह चमचमाती भगवान शंकर की प्रतिमा में त्रिशूल और डमरू को भी स्थापित किया गया है। भोलेनाथ की प्रतिमा में गले में लिपटा सर्प और बाघंबर की बनावट देखकर ऐसा लग रहा था कि साक्षात त्रिलोकी नाथ विराजमान हों।

मंदिर के मीडिया प्रभारी संजीव अवतार अग्रवाल ने बताया कि प्रतिमा स्थापना के लिए लंबे समय से योजना बनाई जा रही थी। भक्तों के अथक प्रयास से अंतत: स्थापना का शुभ कार्य संपन्न हो गया। बताया कि भव्य और सुंदर प्रतिमा जनपद सहित आस पास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।

प्रतिमा के आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके तहत खास किस्म की प्रोजेक्टर लाइटें लगाई जाएंगी, जो रात में प्रतिमा को और मनमोहक रूप प्रदान करेंगी।