बरेली की नौ सीटों पर 70 प्रत्याशी करा चुके नामांकन, जानिए कौन दे रहा किसको टक्कर

423
खबर शेयर करें -

बरेली। जिले की नौ सीटों पर अब तक 70 प्रत्याशी नामांकन करा चुके हैं। आंवला से पांच, शहर सीट से 5, कैंट से 13, भोजीपुरा से 8, मीरगंज से 8, फरीदपुर से 5, बहेड़ी से 7, बिथरी से 10 तो नवाबगंज से 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबला होगा।

भाजपा के लिए सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली कैंट सीट पर सपा से सुप्रिया ऐरन के आने के बाद भाजपा की राह आसान नजर नहीं लग रही। भाजपा के टिकट पर संजीव अग्रवाल किस्मत आजमा रहे हैं। दोनों प्रत्याशी वैश्य समाज में मजबूत पकड़ रखते हैं। अभी तक सबसे ज्यादा नामांकन भी इसी सीट पर हुए हैं। तीन मुस्लिम प्रत्याशी भी मैदान में हैं।

शहर सीट पर 22 साल से राजनीति में सक्रिय और लगातार पार्षद बनते आ रहे राजेश अग्रवाल सपा के टिकट पर मैदान में डटे हैं। वह भाजपा के प्रत्याशी डा. अरुण कुमार को कड़ी चुनौती दे रहे हैं।

भोजीपुरा में योगेश पटेल के बसपा से आने के बाद भाजपा के बहोरन लाल मौर्य को पहले से ज्यादा संघर्ष करने की जरूरत दिख रही है। भाजपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए योगेश पटेल के चुनाव लड़ने का फायदा सपा के शहजिल इस्लाम को भी मिल सकता है। इस सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या काफी है। शहजिल इस सीट से दो बार विधायक भी रह चुके हैं। सीट पर अभी से त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बनते नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  दर्दनाक हादसा- उत्तराखंड की बारात की कार उप्र में हुई दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत

फरीदपुर सीट पर भाजपा के प्रो श्यामबिहारी लाल को चुनौती देने के लिए सपा के विजय पाल सिंह पूरे जोरशोर से लगे हुए हैं तो वहीं पूर्व विधायक सियाराम सागर के बेटे विशाल सागर के कांग्रेस से चुनाव लड़ने की वजह से कुर्सी का मुकाबला और रोचक नजर आ रहा है। सपा छोड़कर बसपा के टिकट पर शालिनी सिंह भी मैदान में आ गयी हैं।

वहीं, विधायक केसर सिंह गंगवार के कोरोना काल में निधन के बाद भाजपा के लिए नवाबगंज सीट पर संघर्ष और बढ़ गया है। दो बार हार का मुंह देख चुके डा. एमपी आर्य पर भाजपा ने दांव खेला है। उन्हें चुनौती देने के लिए पांच बार के विधायक एवं दो बार मंत्री रहे सपा के प्रत्याशी भगवत सिंह गंगवार दमखम के साथ मैदान में उतरे हैं। सपा इस सीट पर अभी से अपनी जीत सुनिश्चित मानकर चल रही है, लेकिन कुर्मी समाज से इस सीट पर पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। आप प्रत्याशी एडवोकेट सुनीता गंगवार लंबे समय से विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं तो भाजपा छोड़कर कांग्रेस के टिकट पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा गंगवार मैदान में आ गयी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  दर्दनाक हादसा- उत्तराखंड की बारात की कार उप्र में हुई दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत

इधर, मीरगंज सीट पर भी कड़ी टक्कर नजर आ रही है। विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी डा डीसी वर्मा अभी एक गांव में गए तो वहां के लोगों ने विकास न होने की वजह से उनका विरोध किया। इसका फायदा सपा के पूर्व विधायक एवं प्रत्याशी सुल्तान बेग को मिल सकता है। सुल्तान बेग भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए काफी मेहनत करते नजर आ रहे हैं।

 

गुरुवार को इतने प्रत्याशियों ने कराया नामांकन

बहेड़ी विधानसभा: बसपा से आसेराम, आप से आसिफ रजा, निर्दलीय फरीदा रहमान और छत्रपाल, आजाद समाज पार्टी (काशीराम) से जितेंद्र पाल सिंह।
मीरगंज विधानसभा: कांग्रेस से मो. इलियास, बसपा से कुंवर भानु प्रताप सिंह, निर्दलीय रजनीश गंगवार, मुकीम अंसारी व जिया उल हसन।

भोजीपुरा विधानसभा: भाजपा से बहोरन लाल मौर्य, सपा से शहजिल इस्लाम अंसारी, कांग्रेस से सरदार खां, भारतीय सुभाष सेना से राजेंद्र पाल और आप से महेंद्र सिंह।

नवाबगंज विधानसभा: आप से सुनीता गंगवार, कांग्रेस से ऊषा देवी गंगवार, वंचित सामज इंसाफ पार्टी से नरगिस और निर्दलीय से खेमानंद, लेखराज गंगवार, मिनाक्षी गंगवार।

फरीदपुर विधानसभा: बसपा से शालिनी सिंह, जनसेवा सहायक पार्टी उल्फत और सुनीता सिंह निर्दलीय।
बिथरी चैनपुर विधानसभा: सपा से अगम मौर्य, कांग्रेस से अलका सिंह, आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलिमीन से तौफीक, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया से सतीश कुमार, निर्दलीय अब्दुल फहीम और अमन कुमार।

यह भी पढ़ें 👉  दर्दनाक हादसा- उत्तराखंड की बारात की कार उप्र में हुई दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत

बरेली शहर विधानसभा: बसपा से ब्रह्मा नंद, आजाद समाज पार्टी काशीराम से राफिया शबनम, आप से कृष्णा भारद्वाज, आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलिमीन से शहीम खां उर्फ राजू, सफिया खातून वंचित समाज इंसाफ पार्टी।

बरेली कैंट विधानसभा: सपा से सुप्रिया ऐरन, बसपा से अनिल कुमार, आप से शिवरी नागवंशी, चंद्रभोज पाठक निर्दलीय, कृष्ण पाल प्रगतिशील लोक मंच, राष्ट्रीय रिपब्लिकन पार्टी नदीम इकबाल, पीस पार्टी शहनाज बेगम, आजाद समाज पार्टी काशीराम से सुनील कुमार, निर्दलीय सीताराम, शिवसेना से रामगोपाल।

आंवला विधानसभा: भाजपा से धर्मपाल सिंह, बसपा से लक्ष्मण प्रसाद, आप से राम सिंह मौर्य।