Up : कैबिनेट मंत्री के भाजपा छोड़ने पर उनकी सांसद बेटी का बड़ा बयान

497
खबर शेयर करें -

 

न्यूज जंक्शन 24, लखनऊ : उप्र के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या के सपा में शामिल होने की घोषणा के बीच उनकी सांसद बेटी का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा है कि वह भाजपा में थीं और आगे भी बनी रहेंगी। भाजपा हाईकमान के हर आदेश का पालन करेंगी।

मंगलवार को दिल्ली में जहां भाजपा की चुनाव संचालन समिति की बैठक चल रही थी तो लखनऊ में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सियासी हलचल मचा दी। स्वामी प्रसाद मौर्या के भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा देने का पत्र राजभवन पहुंच गया।

कुछ देर बाद ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ अपना फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे दिल्ली तक हलचल मच गई। हाईकमान ने तत्काल डैमेज कंट्रोल का प्रयास भी किया मगर देर हो चुकी थी। हालांकि स्वामी प्रसाद के भाजपा से मोहभंग होने की चर्चा तो लंबे समय से चल रही थी, मंगलवार को उस चर्चा ने अमलीजामा पहन लिया।

वह भाजपा में हैं और आगे भी रहेंगी

स्वामी प्रसाद मौर्य के भाजपा छोड़कर सपा में जाने से अब उनकी बेटी और बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य को लेकर भी अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन संघमित्रा मौर्या ने साफ कहा है कि वह भाजपा में हैं और आगे भी बनी रहेंगी। उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा को लेकर कोई संशय करने की जरूरत नहीं है। जिस तरह अभी तक वह पार्टी के हर आदेश और दी गई जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन कर रही हैं, आगे भी इसी तरह करती रहेंगी।