उत्तराखंड Live : CM धामी चुनाव 7 हजार से अधिक मतों से हारे, कालाढूंगी में बंशीधर भगत जीते

395
खबर शेयर करें -

न्यूज जंक्शन 24, देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतगणना जारी है। आज साफ हो जाएगा कि प्रदेश की जनता ने किस दल को सत्ता की बागडोर सौंपी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा अभी सबसे आगे है। उसे 42 सीटों का बहुमत मिल गया है। मगर कई सीटों पर अभी कांग्रेस कड़ी टक्कर दे रही है। यहां पढ़िए हर एक पल की अपडेट…

03:35 PM

खटीमा से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए है। कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चन्द्र कापड़ी नें उन्हें 6951 मतों से हराया। सीएम धामी को कुल 40,675 मत मिले है।जबकि कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी को 47,626 मत मिले हैं।

सोमेश्वर से मंत्री रेखा आर्य ने कांग्रेस के राजेन्द्र बारकोटी को 4940 मतों के अंतर से हराया।

कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र से बंशीधर भगत फिर चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी महेश शर्मा को हराया। जीत के बाद बंशीधर भगत भावुक मन से बोले की जिन्होंने मेरे चरित्र पर कीचड़ उछाला है, इस जीत ने उनके भी मुंह पर कालिख पोती है।

नैनीताल सीट से सरिता आर्य, रामनगर से बीजेपी के दीवान सिंह बिष्ट, भीमताल से राम सिंह कैड़ा ने जीत दर्ज की हैl

सहसपुर सीट से बीजेपी के सहदेव सिंह पुंडीर, , राजपुर रोड से खजान दास और भगवानपुर सीट से ममता राकेश ने जीत दर्ज की हैl

लालकुआं विधानसभा चुनाव से कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत चुनाव हार गए हैं। लालकुआं विधानसभा सीट से बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट ने हरीश रावत को मात दी है। वहीं, उनकी बेटी अनुपमा रावत हरिद्वार ग्रामीण सीट से जीत गईं हैं।

मसूरी से बीजेपी विधायक गणेश जोशी, ऋषिकेश से प्रेमचंद अग्रवाल, डोईवाला से बीजेपी प्रत्याशी बृजभूषण गैरोला और लोहाघाट से कांग्रेस के खुशाल सिंह अधिकारी जीत गए हैं। रायपुर विधानसभा सीट से उमेश शर्मा काऊ, जसपुर विधानसभा सीट से आदेश चौहान औरप्रतापनगर से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नेगी भी चुनाव जीत गए हैं। कैंट विधानसभा सीट से स्व हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर चुनाव जीत गईं हैं।

03:05 PM

हरीश रावत चुनाव हारे

लालकुअां सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत चुनाव हार गए हैं। बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट ने हरीश रावत को मात दी है। हालांकि अभी इसकी घोषणा नहीं हुई है। मगर हरीश रावत ने ट्वीट कर अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने अपने ट्वीट में लालकुआं की जनता से माफी मांगी है। उन्होंने लिखा, लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से मेरी चुनावी पराजय की औपचारिक घोषणा ही बाकी है। मैं लालकुआं क्षेत्र के लोगों से जिनमें बिंदुखत्ता, बरेली रोड के सभी क्षेत्र सम्मिलित हैं, क्षमा चाहता हूं कि मैं उनका विश्वास अर्जित नहीं कर पाया और जो चुनावी वादे उनसे मैंने किये, उनको पूरा करने का मैंने अवसर गवा दिया है। उन्होंने मुझसे श्रेष्ठ उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि चुना है उनको और उनके द्वारा चयनित उम्मीदवार को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई और आगे के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।

02:53 PM

यह भी पढ़ें 👉  सीएम के निर्देश- चारधाम यात्रा में बेहतर हो यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था
हल्द्वानी सीट कांग्रेस के हाथ, सुमित हृदयेश जीते

हल्द्वानी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के सुमित हृदयेश जीत गए हैं। यह उनका पहला चुनाव था। शुरुआती रुझानों में पिछड़ने के बाद भी वापसी करते हुए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी और मेयर जोगेंद्र रौतेला को मात दी। सुमित हृदयेश 7814 मतों से जीते। भाजपा प्रत्याशी डॉ योगेंद्र सिंह रौतेला को ने 42302 वोट प्राप्त किए, जबकि सुमित हृदेश ने 50116 सोलह वोट प्राप्त किए। तीसरे नंबर पर रहे समाजवादी पार्टी के शोएबअहमद ने 2196 वोट प्राप्त किए। आम आदमी पार्टी के समिति टिक्कू ने 1759 मत प्राप्त किए।

सल्ट विधानसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी महेश जीना ने कांग्रेस के दिग्गज रणजीत रावत को पटखनी दी। भाजपा महेश जीना को 21897 मत तो कांग्रेस के रणजीत सिंह रावत को 18440 मत मिले।

भीमताल सीट पर भाजपा के प्रत्याशी राम सिंह कैड़ा आगे हैँ। अंतिम परिणाम आने से पहले उन्होंने अपने समर्थकों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

काशीपुर में बीजेपी के चीमा 8571 वोटों से आगे। चीमा को मिले 33187 वोट तो कांग्रेस को 24616 वोट मिले।

श्रीनगर सीट पर भाजपा प्रत्याशी धन सिंह 13वें राउंड में कांग्रे प्रत्याशी गणेश गोदियाल से 705 वोट से निकले आगे।

पौड़ी में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार पोरी कांग्रेस प्रत्याशी नवल किशोर से लगभग 4000 वोट से आगे।

02:10 PM

गदरपुर सीट से अरविंद पांडे ने चुनाव जीतकर मिथक तोड़ दिया है। शिक्षा मंत्री रहते हुए अरविंद पांडे ने चुनाव जीत लिया है। इससे पहले उत्तराखंड में कभी कोई शिक्षा मंत्री चुनाव नहीं जीत सका था।

वहीं, बाजपुर से यशपाल आर्य भी चुनाव जीत गए हैं। मगर उनके बेटे संजीव आर्य नैनीताल सीट से अब भी पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा की सरिता आर्य चुनाव जीतती नजर आ रही हैं।

कालाढूंगी में भाजपा के बंशीधर भगत 20617 वोट से आगे चल रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने तमंचे के बट से बोला था हमला, दो गिरफ्तार

हल्द्वानी विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सुमित हृदयेश 8 हजार से अधिक मतों से जीत की ओर अग्रसर।

01:30 PM

लालकुआं में हरीश रावत भापजा के मोहन बिष्ट से 16432 वोट से पीछे। वहीं, हरिद्वार ग्रामीण सीट से उनकी बेटी अनुपमा रावत की जीत तय। यहां से कैबिनेट मंत्री और भाजपा प्रत्याशी स्वामी यतिस्वरानंद लगभग 6000 वोटों से अनुपमा से पीछे चल रहे हैं।

खटीमा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस के भुवन कापड़ी से करीब साढ़े चार हजार मतों से पीछे चल रहे हैं।

सितारगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा सौरभ बहुगुणा जीते। सौरभ ने करीब 13000 मतों से जीत दर्ज की।

डीडीहाट में भाजपा के विशन सिंह चुफाल और निर्दलीय प्रत्याशी किशन सिंह भंडारी के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। छठे राउंड के बाद भाजपा के विशन सिंह चुफाल 265 मतों से आगे चल रहे हैं।

सल्ट में कांग्रेस प्रत्याशी रणजीत रावत भाजपा उम्मीदवार महेश जीना से 1637 मतों से पीछे।

जसपुर में कांग्रेस के आदेश सिंह चौहान ने 4088 मतों से भाजपा प्रत्याशी शैलेन्द्र मोहन सिंघल को हराया।

12:42 PM

उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत 9,128 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी फिर एक बार कांग्रेस के भुवन सिंह कापड़ी से 2287 मतों से पिछड़ गए हैं।

रुद्रपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शिव अरोरा 6000 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं भाजपा छोड़कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे राजकुमार ठुकराल को 8486 वोट मिले हैं।

बाजपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर। नवे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल आर्य 1350 वोटों से आगे। भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार पिछड़े।

हल्द्वानी कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम में पसरा सन्नाटा।

12:15 PM

डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम में खराबी के चलते मतगणना कार्य में देरी। कालाढूंगी सीट से कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत छठे राउंड में कांग्रेस के महेश शर्मा से 2294 वोट से निकले आगे। बाजपुर सीट से कांग्रेस के यशपाल आर्य ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद अब बनाई बढ़त। भाजपा के राजेश कुमार से करीब एक हजार वोट से आगे।

11:50 AM

लोहाघाट सीट कांग्रेस ने 10 साल बाद भाजपा से वापस ली। कांग्रेस प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी 6118 वोटों से जीते। उत्तराखंड में लोहाघाट विधानसभा का रिजल्ट आया सामने। लोहाघाट सें कांग्रेस की जीत हुई। कांग्रेस प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी को 32,244 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी पूरन सिंह फर्तयाल को 26,126 वोट मिले। कांग्रेस के खुशाल सिंह अधिकारी ने 6,118 वोटो सें जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें 👉  विजिलेंस की कार्रवाई- विपणन अधिकारी को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

11:15 AM

सीएम धामी खटीमा सीट से करीब एक हजार वोटों से कांग्रेस के भुवन कापड़ी से फिर निकले आगे। लालकुआं सीट पर हरीश रावत और पीछे हुए। भाजपा के मोहन बिष्ट ले चुके हैं 10 हजार वोटों से भारी बढ़त। वहीं, हरीश रावत की बेटी हरिद्वार ग्रामीण से अनुपमा रावत आगे चल रही हैं। लैंसडाउन सीट से अनुकृति गुसाईं पीछे चल रही हैं। वहीं पुष्कर सिंह धामी खटीमा से फिर अागे हुए । हल्द्वानी में भी भाजपा के जागेंद्र रौतेला कांग्रेस के सुमित हृदयेश से 4 हजार वोटों से निकले आगे। नैनीताल में भाजपा की सरिता आर्य भी आगे। रामनगर सीट पर पांच राउंड की गिनती के बाद भाजपा के दीवान बिष्ट पीछे। कांग्रेस के महेंद्र पाल 2957 वोटों से आगे।

10:28 AM

सीएम धामी खटीमा सीट पर हुए पीछे। कांग्रेस के भुवन कापड़ी 900 वोटों से निकले आगे। रामनगर में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र पाल ढाई हजार वोटों से आगे। भाजपा प्रत्याशी दीवान बिष्ट से पीछे। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से हरीश रावत भाजपा प्रत्याशी मोहन सिंह बिष्ट से साढ़े सात हजार मतों से पीछे चल रहे हैं।

10:05 AM

लालकुआं सीट से हरीश रावत, टिहरी से किशोर उपाध्याय, लैंसडाउन सीट से अनुकृति गुसाईं, गदरपुर से अरविंद पांडेय, कालाढूंगी से बंशीधर भगत, श्रीनगर से धन सिंह रावत पीछे, खानपुर से कुंवर देवयानी, चकराता से रामशरण नौटियाल, सल्ट से रणजीत रावत, नैनीताल से संजीव आर्य, नरेंद्रनगर से सुबोध उनियाल और हल्द्वानी से सुमित हृदयेश पीछे चल रहे हैं।

वहीं, खटीमा से पुष्कर सिंह धामी, श्रीनगर से गणेश गोदियाल, मसूरी से गणेश जोशी, हरिद्वार से मदन कौशिक,ऋषिकेश के प्रेमचंद अग्रवाल, चकराता से प्रीतम सिंह, सोमेश्वर से रेखा आर्य, चौबट्टाखाल से सतपाल महाराज, हरिद्वार ग्रामीण से स्वामी यतीश्वरानंद, डीडीहाट से बिशन सिंह चुफाल, यशपाल आर्य से बाजपुर आगे चल रहे हैं।