spot_img

अपनी 10 साल की बेटी से करता था दुष्कर्म, माँ की शिकायत पर पिता गिरफ्तार

न्यूज जंक्शन 24, मुंबई।


मुंबई के वकोला इलाके में अपने घर में 10 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।


उन्होंने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी और उसकी पत्नी बीते चार सालों से अलग रह रहे हैं। आरोपी जहां बेटी के साथ मुंबई में रह रहा था, वहीं उसकी पत्नी गुजरात के सूरत में रह रही थी। वकोला पुलिस को शुक्रवार को सायन अस्पताल से फोन आया, जिसमें एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की जानकारी उसे दी गई। लड़की की मां उसे लेकर अस्पताल आई थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस जब वहां पहुंची तो लड़की ने उन्हें बताया कि उसके पिता ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया है।


लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी कुछ दिनों पहले उसके पास रहने के लिये सूरत आई थी। अधिकारी ने बताया कि लड़की ने अपने निजी अंगों में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसकी मां उसे डॉक्टर के पास दिखाने के लिए ले गई, लेकिन उन्हें वहां इसकी वजह समझ में नहीं आई। अधिकारी ने कहा कि महिला अपनी बेटी को वापस मुंबई लेकर आई और उसे सायन अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने लड़की के साथ दुष्कर्म की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि लड़की की मां ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

- Advertisement -

Latest Articles

error: Content is protected !!