आज आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा, स्ट्राबेरी मून पर हाेगी सबकी नजर

175
खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। गुरुवार यानी 24 जून की शाम को आसमान में एक अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। आज की यह शाम हर शाम से अलग होने वाली है। दरअसल, आज चंद्रमा स्ट्रॉबेरी के रंग में दिखाई देगा। इस अनोखी खगोलीय घटना को स्ट्रॉबेरी मून कहा जाता है। इस दिन चांद आकार में बड़ा और थोड़ा-थोड़ा स्ट्रॉबेरी की तरह गुलाबी रंग का दिखाई पड़ेगा। जून में पूर्णिमा के दिन निकलने वाले इस चांद को कई जगहों पर रेड मून, हॉट मून या हनी मून भी कहते हैं।

चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी से निकटता के कारण अपने सामान्य आकार से काफी बड़ा दिखाई देगा। ज्योतिष शास्त्र में जून (ज्येष्ठ) की इस पूर्णिमा को अत्यंत उत्तम माना गया है। शास्त्रों में इसे गंगा स्नान, पितरों की पूजा और दान का पर्व माना गया है। इस दिन चंद्रमा 16 कलाओं से युक्त होता है। इस दिन भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है। नदी में स्नान कर दान करने से पुण्य मिलता है। उपवास भी किया जाता है। कहते हैं कि इस दिन किए गए शुभ कार्यों का पूर्ण फल मिलता है।

भारत में नजर नहीं आएगा स्ट्रॉबेरी मून

आप भारत में स्ट्रॉबेरी मून नहीं देख पाएंगे। इसके पीछे वजह यह है कि चंद्रमा स्टैंडर्ड टाइम के मुताबिक 11:15 बजे निकलता है। आंशिक तौर पर स्ट्रॉबेरी मून 11.15 बजे होगा और भारतीय समय के अनुसार 2:35 बजे तक चलेगा।

ऐसे पड़ा नाम

स्ट्राबेरी मून का नाम दरअसल प्राचीन अमेरिकी जनजातियों से नाम मिला है, जिन्होंने स्ट्राबेरी के लिए कटाई के मौसम की शुरुआत के साथ पूर्णिमा को चिन्हित किया था। दरअसल, स्ट्राबेरी मून एक स्थानीय अमेरिकी नाम है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में इसे अलग-अलग नाम से जाना जाता है। यूरोप में स्ट्राबेरी मून को रोज मून कहते हैं, जो गुलाब की कटाई का प्रतीक है। उत्तरी गोलार्ध में इसे गर्म चंद्रमा(Hot Moon) कहा जाता है क्योंकि यह भूमध्य रेखा के उत्तर में गर्मी के मौसम की शुरुआत करता है। इसे वहां गर्मी की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। स्ट्राबेरी मून आमतौर पर वसंत की आखिरी पूर्णिमा या गर्मियों की पहली तारीख को दिखता है। इसे ब्लूमिंग मून, ग्रीन कॉर्न मून, होर मून, बर्थ मून, अंडे देने वाला मून और हैचिंग मून, हनी मून और मीड मून भी कहा जाता है। स्ट्राबेरी मून एक रात से अधिक समय तक दिखाई देगा।

सीजन के आधार पर रखा गया है चांद का नाम

  • जनवरी के पूर्ण चंद्र को वुल्फ मून कहते हैं
  • फरवरी के पूर्ण चंद्र को स्नो मूनकहते हैं
  • मार्च के पूर्ण चंद्र को वार्म मून कहते हैं
  • मई के पूर्ण चंद्र को फ्लावर मून कहते हैं
  • जून के पूर्ण चंद्र को स्ट्रॉबेरी मून कहते हैं
  • जुलाई के पूर्ण चंद्र को बक मून कहते हैं
  • अगस्त के पूर्ण चंद्र को स्टर्जजन मून कहते हैं
  • सितंबर के पूर्ण चंद्र को कॉर्न मून कहते हैं
  • अक्टूबर के पूर्ण चंद्र को हंटर मून कहते हैं
  • नवंबर के पूर्ण चंद्र को बीवर मून कहते हैं
  • दिसंबर के पूर्ण चंद्र को कोल्ड मून कहते हैं